बिभा संवाददाता/ माजिद अंसारी
बेड़ो। प्रखंड के कैरो गांव के समीप शनिवार को दो जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। दोनों हाथी पारस डैम के समीप स्थित जंगल से निकलकर गांव के किनारे पहुंच गए और काफी देर तक आसपास विचरण करते रहे। हाथियों के गांव के नजदीक पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने के लिए मौके पर जुट गए।
इस दौरान कुछ लोग उत्सुकतावश हाथियों के काफी करीब पहुंच गए और उन्हें परेशान करने लगे। इससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही घाघरा पंचायत के मुखिया रमेश उरांव ने वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की हाथी भगाओ दस्ता टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को वहां से हटाया और सुरक्षित स्थानों पर भेजा।
वन विभाग के कर्मी दिनभर दोनों हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। शाम के समय हाथियों को गांव से दूर करने के लिए वन विभाग की टीम ने मशाल जलाकर तथा पटाखे फोड़कर अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद दोनों हाथियों को कैरो गांव से खदेड़कर मसियातू गांव की ओर जंगल में भेज दिया गया।
अभियान में वनपाल रवि, वनरक्षी सुभाष प्रमाणिक, इंद्रजीत, राहुल, दीपक, मुकेश और आनंद भगत सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे। वन विभाग की टीम देर रात तक हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखती रही, ताकि हाथी दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी परिस्थिति में उनके करीब जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। हाथियों के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

