सड़क हादसे में एक युवक की मौत, एक घायल

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तुईबीर गांव के समीप शनिवार रात दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई टक्कर में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान ललित हेंब्रम के पुत्र सोमनाथ हेंब्रम के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक चाईबासा के नेहरू चौक, टुंगरी निवासी गोपाल पान का पुत्र मनोज पान है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सोमनाथ हेंब्रम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मनोज पान का उपचार जारी है। उसके माथे पर गंभीर चोट लगी है।

जानकारी के अनुसार, सोमनाथ हेंब्रम अपने माता-पिता के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पताहातु गांव में किराये के मकान में रहता था। उसका मूल निवास खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर (तेलीसाई) गांव में है। वह फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। परिजनों ने बताया कि सोमनाथ पहले इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़कर नौकरी करने लगा था।

हादसे में जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top