चौपारण : जीटी रोड स्थित चौपारण की खतरनाक दनुआ घाटी में सोमवार को महानेटांड कट के समीप भीषण सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब गिरिडीह जिले के बगोदर स्थित अटका गांव से कुंजू प्रजापति के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग सवारी वाहन से वाराणसी (काशी) जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुंजू प्रजापति के छोटे बेटे की भी मौत हो गई, जबकि उनके दो बड़े बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
शव की रस्सी ठीक करने के लिए सड़क पर रुका था वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सवारी वाहन की छत पर कुंजू प्रजापति का शव बांधा गया था। दनुआ घाटी के महानेटांड कट के पास पहुंचने पर शव को बांधने वाली रस्सी खुल गई। इसके बाद चालक ने वाहन सड़क पर रोक दिया और यात्री रस्सी को ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रेलर चालक फरार, कोयला लदा ट्रक भी खाई में पलटा
सवारी वाहन को टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी वाहन से टकरा गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। एक के बाद एक वाहनों की टक्कर से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। करीब तीन घंटे तक घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मृतकों एवं घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में राजू प्रजापति (40 वर्ष), बुधनी देवी (50 वर्ष), ढोखला कुमार (45 वर्ष), रामकिशुन महतो (50 वर्ष) और रामेश्वर पंडित (70 वर्ष), पिता रोहन पंडित शामिल हैं।
वहीं, घायलों में फागुन प्रजापति (50 वर्ष), मुकेश पंडित, दिलीप प्रजापति (70 वर्ष), राजेंद्र कुमार (42 वर्ष), सीताराम कुमार (55 वर्ष), विष्णु प्रजापति (65 वर्ष), रामेश्वर प्रजापति (60 वर्ष), बेबी देवी (52 वर्ष), विनोद शाह (36 वर्ष), मोती पंडित (68 वर्ष), उगनी देवी (55 वर्ष), रुबिया देवी (52 वर्ष), लखन प्रजापति और सविता देवी शामिल हैं। इनमें सविता देवी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

