देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने दुम्मा बॉर्डर पर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र और कांवरिया पथ पर टोटो एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से तैयार टोटो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मीडिया से बातचीत में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि दुम्मा बॉर्डर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। यहां प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस, आवश्यक चिकित्सा उपकरण और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी यात्रा से थके या अस्वस्थ श्रद्धालुओं को तत्काल राहत मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि कांवरिया पथ के संकरे और भीड़भाड़ वाले मार्गों को देखते हुए टोटो एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। यह छोटी और तीव्र गति से चलने वाली एम्बुलेंस किसी भी आपात स्थिति में बीमार या घायल कांवरियों तक शीघ्र पहुंचकर उन्हें सुरक्षित रूप से नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि बाबाधाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की स्वास्थ्य सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे कांवरिया पथ पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और कर्मी उपस्थित थे।
