खूंटी। ग्राम पंचायत भवन में आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदलुम का चयन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए किया गया है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पंचायत राज विभाग की ओर से पंचायत के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह चयन किया गया है।
ग्राम पंचायत कुदलुम को आगामी 28 नवंबर को रांची के खेलगांव परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। पंचायत भवन की आधारभूत संरचना तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पंचायत को यह सम्मान दिया जाएगा।
राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए कुदलुम पंचायत का चयन होने से पंचायतवासियों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि से कर्रा प्रखंड के साथ-साथ खूंटी जिले का गौरव भी बढ़ा है। पंचायत के उत्कृष्ट कार्यों को राज्य स्तर पर पहचान मिलने से ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विकास के प्रयासों को नई प्रेरणा मिलेगी।

