​सीआईएसएफ और सीसीएल की संयुक्त कार्रवाई: जंगल में छिपाया अवैध कोयले का जखीरा जब्त, तस्करों में हड़कंप

खलारी। कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच शुक्रवार को पूर्णाडीह परियोजना क्षेत्र में सीआईएसएफ और सीसीएल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के एक और ठिकाने का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने जंगल और खदान क्षेत्र में छिपाकर रखे गए करीब 10.6 टन अवैध कोयले का जखीरा जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सक्रिय कोयला तस्करों के बीच हड़कंप मच गया।सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि पूर्णाडीह माइनिंग साइट के आसपास चोरी का कोयला इकट्ठा कर सुरक्षित स्थानों पर छिपाया जा रहा है, जिसे बाद में छोटे-छोटे वाहनों के माध्यम से बाहर निकालने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर विशेष संयुक्त अभियान शुरू किया गया। उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने कई संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।तलाशी के दौरान झाड़ियों और सुनसान इलाकों में छिपाकर रखा गया करीब 10.6 टन अवैध कोयला बरामद हुआ। पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ और जब्त कोयले को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।अभियान में सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया, निरीक्षक एल.एस. मिंज, निरीक्षक रश्मि, उप निरीक्षक अनिल कुमार राय, सीआईएसएफ क्राइम विंग के जवानों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के सदस्य शामिल रहे। सीसीएल की ओर से एएसओ नितीश कुमार झा तथा सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।सीआईएसएफ अधिकारियों का कहना है कि एमएमडीआर एक्ट के तहत मिले अधिकारों के बाद अवैध खनन, कोयला चोरी, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई और अधिक प्रभावी हुई है। लगातार हो रही छापेमारी से अवैध कारोबारियों के नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है और सरकार को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकने में सफलता मिल रही है।अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिल रही सूचनाएं भी इन अभियानों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सीआईएसएफ और सीसीएल ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा। एमएमडीआर एक्ट सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top