श्रावणी मेला में हाईटेक सफाई व्यवस्था, 24 घंटे अलर्ट मोड पर नगर निगम

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबानगरी देवघर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं एवं कांवरिया बंधुओं का आगमन लगातार जारी है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित, सुलभ एवं दुर्गंधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार देवघर नगर निगम की पूरी टीम 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य कर रही है। स्वच्छता भी, साधना भी तथा ग्रीन और स्मार्ट श्रावणी मेला की थीम को साकार करने के लिए नगर निगम पारंपरिक सफाई व्यवस्था के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीक और हाईटेक मशीनों का व्यापक उपयोग कर रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवरिया पथ एवं संपूर्ण मेला क्षेत्र में आधुनिक मोबाइल शौचालय स्थापित किए गए हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं शौचालयों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की त्वरित एवं कीटाणुरहित सफाई के लिए हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कम समय और कम पानी में प्रभावी सफाई सुनिश्चित हो रही है।

मंदिर परिसर, संकीर्ण गलियों, होल्डिंग प्वाइंट और टेंट सिटी सहित अन्य स्थानों की गहन सफाई के लिए पोर्टेबल हाई-प्रेशर वाशर एवं पावर वाशिंग गन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और मच्छर-मक्खियों से बचाव के लिए विशेष फॉगिंग एवं सैनिटाइजेशन वाहनों के माध्यम से लगातार दवा का छिड़काव किया जा रहा है। कांवरिया पथ, टेंट सिटी और प्रमुख संपर्क मार्गों पर सफाई मित्र दिन-रात ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कर वातावरण को स्वच्छ एवं दुर्गंधमुक्त बनाए हुए हैं।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के तहत मेला क्षेत्र में सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग रंगों के डस्टबिन लगाए गए हैं। वहीं पेयजल आपूर्ति और धुलाई कार्यों के लिए ट्रैक्टर-टैंकरों की लगातार सेवा भी जारी है।

नगर निगम ने पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन में विभाजित कर सैकड़ों सफाई मित्रों की तैनाती की है। तीन अलग-अलग शिफ्टों में कार्यरत सफाईकर्मी 24 घंटे सफाई, सैनिटाइजेशन और कचरा निष्पादन का कार्य कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला-2026 में देवघर नगर निगम हाईटेक मशीनों और समर्पित सफाई दूतों के सहयोग से बाबानगरी आने वाले सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top