श्रावणी मेला में हेलीकॉप्टर सेवा 04 से शुरू, देवघर-बासुकीनाथ के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार 04 अगस्त से देवघर और बासुकीनाथ के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि झारखंड सरकार के नागर विमानन विभाग के सौजन्य से शुरू की जा रही इस सेवा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और कम समय में हवाई दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की ओर से किया जाएगा। इसके तहत श्रद्धालु देवघर, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत का आकाशीय परिदर्शन करने के साथ ही देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा हवाई यात्रा का भी लाभ उठा सकेंगे।

सरकार की ओर से जारी दरों के अनुसार देवघर और बासुकीनाथ के 07 से 10 मिनट के आकाशीय परिदर्शन का किराया 2,850 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं, देवघर से त्रिकूट के 10 से 15 मिनट के हवाई परिदर्शन के लिए 3,750 रुपये प्रति व्यक्ति और देवघर से बासुकीनाथ तक 15 मिनट की एकतरफा हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए 4,500 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क तय किया गया है।

हेलीकॉप्टर सेवा के लिए श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए 9122583111 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिकृत माध्यम से ही टिकट बुक करें और इस विशेष हवाई सेवा का लाभ उठाकर अपनी श्रावणी यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं यादगार बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top