झारखंड में मंगलवार से भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मंगलवार से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि अगस्त माह में सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है, हालांकि बीच-बीच में मौसम प्रणाली (सिस्टम) सक्रिय होने पर अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई माह में राज्य में अपेक्षाकृत अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं आने वाले दिनों में कुछ जिलों में भारी वर्षा के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

विभाग के अनुसार, 5 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में भी वर्षा की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। वहीं 6 अगस्त को हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 43.2 मिलीमीटर वर्षा हजारीबाग डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। इसी अवधि में सरायकेला का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ।

रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की धूप निकलने से दिनभर गर्मी और उमस का एहसास बना रहा।

रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.2 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.8 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top