श्रावणी मेला उद्घाटन में अतिथियों का हुआ पारंपरिक स्वागत

देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के उद्घाटन अवसर पर दुम्मा (झारखंड-बिहार सीमा) स्थित प्रवेश द्वार को भव्य रूप से सजाया गया था। आकर्षक तोरण द्वार, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और भव्य मंच ने श्रद्धालुओं और अतिथियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
उद्घाटन समारोह में पहुंचे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे सहित सभी अतिथियों का जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया। अतिथियों को पारंपरिक टोपी पहनाई गई, पुष्पवर्षा की गई और ढोल-नगाड़ों की थाप पर आदिवासी कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।

इसके बाद सभी अतिथि मुख्य मंच पर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना और संकल्प कराया। पूजा संपन्न होने के साथ ही पूरे कांवरिया पथ पर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंज उठे।

श्रावणी मेले के विधिवत शुभारंभ के साथ ही कांवरियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर अपनी आस्था की यात्रा पर आगे बढ़ते रहे।

पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक आस्था और प्रशासनिक तैयारियों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top