लंदन/रांची। सात समंदर पार यूनाइटेड किंगडम में बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक आस्था और लोक परंपरा का महापर्व छठ लगातार 5वें साल पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। लंदन में पंजीकृत संस्था ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय सामूहिक महापर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतिकूल मौसम और व्यस्त जीवनशैली के बीच इस वर्ष कुल 15 व्रती सामूहिक निर्जला उपवास रखकर भगवान भास्कर और छठी मइया की आराधना करेंगे।
संस्था के संस्थापक ट्रस्टी डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि विदेश में पारंपरिक पूजन सामग्री की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में इस बार पीतल के दौरे, सूप, दीये और थाली जैसी सभी पूजन सामग्री विशेष रूप से पटना से मंगवाई गई हैं। इसके अलावा संस्था सभी व्रतियों को पूजन सामग्री के साथ दो साड़ियां, दो ब्लाउज और पारंपरिक लहठी भी उपलब्ध करा रही है, ताकि परदेस में भी घर और गांव जैसी आत्मीय अनुभूति बनी रहे। महापर्व के अवसर पर महिला श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से 7,000 से अधिक ठेकुआ का प्रसाद तैयार किया जाएगा, जिसे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ-साथ यूके के दूर-दराज के शहरों में रहने वाले बिहार-झारखंड के परिवारों तक भी पहुंचाया जाएगा।
तीन दिवसीय सामूहिक छठ पूजा का मुख्य आयोजन लंदन स्थित ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हाउंसलो में किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को सभी व्रती अपने-अपने घरों में नहाय-खाय संपन्न करेंगे। इसके बाद 14 नवंबर को सामूहिक खरना (लोहंडा), 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य के साथ पारण होगा। इस महाआयोजन में केंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स, वेंबले सहित विभिन्न इलाकों से करीब दो हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। सभी उपस्थित लोगों के लिए निःशुल्क भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था की गई है, साथ ही बच्चों के लिए खेल-कूद, पेंटिंग और सांस्कृतिक गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 25 स्वयंसेवकों की टीम तैनात रहेगी।
आयोजन के सफल संचालन के लिए डॉ. श्रीमती रानी ओमप्रकाश को अध्यक्ष और पवन कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं अमित कुमार शर्मा वित्त, अरुण कुमार सदस्यता, अभिषेक आनंद आईटी, अभिषेक वर्मा सांस्कृतिक, श्रीमती श्रीपन्ना मिश्रा सामुदायिक मामले तथा श्रीमती खुशबू सिन्हा पीआर व सोशल मीडिया सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा विकास कुमार राय सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रकाश कुमार आईटी और अमर कुमार व रवि कुमार खान-पान व्यवस्था देखेंगे।
संस्थापक ट्रस्टी कैप्टन ओम प्रकाश ने बताया कि अक्टूबर 2017 में स्थापित इस संस्था से आज यूके में बसे बिहार और झारखंड के लगभग 1,500 परिवार जुड़े हुए हैं। संस्था पूरे वर्ष होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस और सी-बीच लिट्टी पार्टी जैसे आयोजनों के साथ लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के कार्यक्रमों में भी भागीदारी निभाती है, जिसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर और जड़ों से जोड़कर रखना है।

