दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- ‘बाबा के सपनों का झारखंड बनाना हमारी प्राथमिकता’

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड आंदोलन के महानायक, पद्म भूषण से सम्मानित एवं पूर्व मुख्यमंत्री ‘दिशोम गुरु’ स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

​मंगलवार को मोरहाबादी स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिवंगत दिशोम गुरु की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन व आदर्शों को याद किया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु ने अपना पूरा जीवन झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वह भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और योगदान अमर रहेंगे। झारखंड की पहचान, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा ने जिस समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना तथा उनके आदर्शों पर चलते हुए राज्य का सर्वांगीण विकास करना वर्तमान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

​कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड आंदोलन के सभी वीर शहीदों को भी याद करते हुए उन्हें नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top