लातेहार में पंचायत स्तर पर लगेंगे ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, 12 सितंबर से शुरुआत

लातेहार: जिले के निवासियों को अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और टेस्ट देने के लिए जिला मुख्यालय या परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिला परिवहन कार्यालय, लातेहार द्वारा नवसिखिया चालक अनुज्ञप्ति (LL) एवं चालक अनुज्ञप्ति (DL) जारी करने तथा स्वीकृत आवेदनों के ड्राइविंग टेस्ट के लिए पंचायतवार क्लस्टर निर्धारित किए गए हैं। यह विशेष अभियान 12 सितंबर से शुरू होकर 3 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

शिविरों की शुरुआत बरवाडीह प्रखंड से होगी, जहां 12 सितंबर को छिपादोहर पंचायत सचिवालय में 87 और 16 सितंबर को केड पंचायत सचिवालय में 243 स्वीकृत आवेदकों का DL टेस्ट लिया जाएगा।

चंदवा प्रखंड में तीन अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगेंगे। 18 सितंबर को अलौदिया पंचायत सचिवालय में चकला, अलौदिया, कामता, चंदवा पश्चिमी व पूर्वी पंचायत के लिए कैंप आयोजित होगा। इसके बाद 19 सितंबर को माल्हन पंचायत सचिवालय में बोदा, हुटाप, जमीरा, माल्हन व डूमारो पंचायत के आवेदक शामिल हो सकेंगे। वहीं, लाधुप एवं बरवाटोली पंचायत के लिए 25 सितंबर को लाधुप पंचायत सचिवालय में शिविर लगाया जाएगा।

मनिका प्रखंड में दो चरणों में जांच प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यहां 28 सितंबर को नामुदाग पंचायत सचिवालय में 192 आवेदकों और 3 अक्टूबर को बरवैयाकला पंचायत सचिवालय में 142 स्वीकृत आवेदकों का DL टेस्ट आयोजित होगा।

उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि पंचायत स्तर पर शिविर लगाने का मुख्य उद्देश्य परिवहन संबंधी सेवाओं को आम जनता के घर के नजदीक उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित पंचायतों के आवेदकों से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top