खूंटी। विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि 1964 में बने नंदा टोली गांव के डैम का जीर्णोद्धार जल्द होगा। इससे 55 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। विधायक बुधवार को सुंदरी पंचायत के बिशुनपुर और नंदाटोली में आयोजित विशेष ग्रामसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। इसी दिशा में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वर्ष 1964 में निर्मित डैम के जीर्णोद्धार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। डैम के जीर्णोद्धार के लिए प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि डैम का जीर्णोद्धार होने से करीब 50 से 55 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इससे किसानों को खेती में सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
विधायक ने बताया कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र में कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोल्ड स्टोरेज और दूध संग्रह केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर प्रबंधन और उचित लाभ का अवसर मिलेगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र समेत अन्य बुनियादी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान की पहल की तथा शेष समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों से कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
विधायक ने बताया कि खतियान से संबंधित विसंगतियों और त्रुटियों को दूर करने के लिए जल्द ही तोरपा विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को भूमि अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहूलियत होगी।
विधायक ने ग्रामसभा को ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड सचिव जेम्स आइंद, सोनदारी मुखिया सुकुमार लिंडा, प्रदीप महतो, नयन, ग्राम प्रधान एग्नेस तिड़ू सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

