रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर एसआईआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की। दोनों नेताओं ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एसआईआर के तहत जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई सुगम और समयबद्ध तरीके से होनी चाहिए। इसके लिए अतिरिक्त केंद्र बनाए जाने और पर्याप्त संख्या में अधिकारियों की तैनाती की मांग की गई। झारखंड में एसआईआर के दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है।
पार्टी नेताओं ने मांग की कि प्रत्येक सप्ताह फॉर्म-6, 7 और 8 की विधानसभा-वार जानकारी निर्धारित फॉर्मेट-9, 10, 11ए और 11बी के अनुसार जिला स्तर पर बीएलए-1 और बीएलए-2 तथा राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चतरा विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 की संख्या में अचानक हुई कथित वृद्धि की जांच की मांग भी की। उन्होंने दावा किया कि चतरा सीट पर एक ही दिन में 1,113 फॉर्म-7 जमा होने की बात सामने आई है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कराने और फॉर्मेट-10 में पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बूथों के पुनर्गठन के बाद पुराने और नए बूथ नंबरों की अद्यतन सूची राजनीतिक दलों को शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा बीसी-1 सूची में क्रमांक 3342 पर दर्ज तकनीकी त्रुटियों को सही जाति प्रमाण पत्र के आधार पर सुधारने का आग्रह किया गया, ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से नहीं हटे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार एसआईआर के दौरान दावे-आपत्तियों और मतदाता पंजीकरण से संबंधित आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जा रहे हैं।
