राष्ट्रमंडल खेल : ट्रिपल जंप में भारत का डबल पोडियम, प्रवीण चित्रवेल ने जीता रजत, सेल्वा प्रभु को कांस्य

ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय एथलेटिक्स दल का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में प्रवीण चित्रवेल ने रजत और सेल्वा प्रभु तिरुमारण ने कांस्य पदक जीतकर भारत को ऐतिहासिक डबल पोडियम दिलाया।

प्रवीण चित्रवेल ने अपने चौथे प्रयास में 16.58 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, सेल्वा प्रभु तिरुमारण ने 16.52 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
प्रवीण की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। पहले तीन राउंड के बाद वह 16.05 मीटर के प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर थे। तीसरे प्रयास में उन्होंने 16.31 मीटर की छलांग लगाई और फिर चौथे प्रयास में 16.58 मीटर का शानदार प्रदर्शन कर कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। हालांकि अंत में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

दूसरी ओर, सेल्वा प्रभु ने दूसरे प्रयास में 16.17 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक की दौड़ में जगह बनाई। तीसरे प्रयास में उन्होंने इसे सुधारकर 16.43 मीटर किया और अंततः 16.52 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस डबल पोडियम के साथ ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स में भारत का शानदार अभियान जारी है। भारतीय एथलीट लगातार पदक जीतकर देश के खाते में सफलता जोड़ रहे हैं और ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में भारत की मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top