रांची में बड़ा तालाब के पास युवक का शव बरामद, पुलिस की जांच जारी

रांची। राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब के समीप से मंगलवार को एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान कर्बला चौक निवासी मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तालाब के समीप युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और उसके वहां पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top