खूंटी। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने अड़की प्रखंड स्थित उलिहातू पहुंचकर विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरसा ओड़ा के जीर्णोद्धार, बम्बू कॉटेज निर्माण, निर्माणाधीन संग्रहालय, लाइब्रेरी के व्यवस्थित संचालन और बिरसा ओड़ा एवं बिरसा कॉम्प्लेक्स में साज-सज्जा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन संग्रहालय का निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति और वहां विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। संग्रहालय में ओपन थियेटर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि संग्रहालय के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाना है। इसके लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उलिहातू पहुंचने वाले अतिथियों और आमजनों को बेहतर सुविधाएं बहाल करने एवं सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
महोत्सव के आयोजन को लेकर चयनित एजेंसी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साज-सज्जा और अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।
वहीं, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से हेलिपैड निर्माण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

