रांची। द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, झारखंड के 7वें दीक्षांत समारोह में बीसीए (साइबर सिक्योरिटी) के मेधावी छात्र अमन कुमार को गोल्ड मेडल से नवाजा गया। गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में आयोजित इस भव्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अमन कुमार को यह स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अमन कुमार ने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के निरंतर सहयोग और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। अमन के गोल्ड मेडल जीतने से उनके परिजनों, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है, सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के इस 7वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी. आर. के. राव, कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह, कुलसचिव सुमित कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

