श्रावण की पहली सोमवारी पर बासुकीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

दुमका। श्रावण मास की पहली सोमवारी पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा बासुकीनाथ धाम शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।

श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहले बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलार्पण करने के बाद बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सावन की पहली सोमवारी होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सुबह से ही जिले के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं का जलार्पण शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराया जा सके।

भीड़ अधिक होने के बावजूद श्रद्धालु अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर जलार्पण करते नजर आए। पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे, जिससे दर्शन और जलाभिषेक की प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही।

जिला उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और शिवभक्तों को व्यवस्थित कतारों के माध्यम से जलाभिषेक कराया जा रहा है।

धार्मिक मान्यता है कि श्रावण मास की सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के कारण पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top