महिला हॉकी इंडिया लीग 2025-26 का भव्य आगाज़ : एसजी पाइपर्स ने रांची रॉयल्स को 2-0 से हराया

रांची। महिला हॉकी इंडिया लीग 2025-26 की भव्य शुरुआत रविवार को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में की गई। मुकाबले से पहले आयोजित रंगारंग उद्घाटन समारोह ने पूरे स्टेडियम को उत्साह, जोश और खेल भावना से भर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खिलाड़ियों के भव्य स्वागत के बीच लीग का औपचारिक उद्घाटन हुआ।

उद्घाटन समारोह में विधायक कल्पना सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि हॉकी झारखंड की पहचान है और यहां की नस-नस में बसती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की बच्चियां सीमित संसाधनों के बावजूद पेड़ों की टहनियों से हॉकी खेलती रहीं और आज राज्य की खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग जैसे आयोजन झारखंड की खेल प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

उद्घाटन मुकाबले में एसजी पाइपर्स ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रांची रॉयल्स को 2-0 से पराजित कर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक कल्पना सोरेन ने “प्लेयर ऑफ द मैच” बनी एसजी पाइपर्स की खिलाड़ी को ₹50,000 (पचास हजार रुपये) का चेक देकर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

मैच का पहला गोल एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दागा, जो टूर्नामेंट का पहला गोल भी रहा। इसके बाद टेरेसा वियाना ने 46वें मिनट में शानदार फील्ड गोल कर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

मुकाबले का पहला क्वार्टर रोमांचक रहा, जहां दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन मजबूत डिफेंस के चलते कोई भी टीम पेनल्टी कॉर्नर हासिल नहीं कर सकी। रांची रॉयल्स की ओर से हैना कॉटर ने बाएं फ्लैंक से लगातार दबाव बनाया, जबकि पाइपर्स के लिए नवनीत कौर और दीपिका ने कई सर्कल एंट्री कीं।

तीसरे क्वार्टर में रांची रॉयल्स को बराबरी के कई मौके मिले, लेकिन तीन पेनल्टी कॉर्नर के बावजूद टीम गोल नहीं कर सकी। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही टेरेसा वियाना ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास से गोल कर मुकाबले को पूरी तरह एसजी पाइपर्स के पक्ष में कर दिया।

अंततः एसजी पाइपर्स ने 2-0 से मुकाबला जीतकर महिला हॉकी इंडिया लीग 2025-26 में विजयी आगाज़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *