पलामू। जिले के सदर मेदिनीनगर अंचल के दुबियाखाड़ में राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला का आयोजन 11 और 12 फरवरी 2026 को आयोजित किया जायेगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में शनिवार को बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने, परिसंपत्तियों का वितरण करने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से लाभुकों को लाभान्वित करने का निर्णय लिया गया।
मौके पर उपायुक्त ने मेले में आने वाले भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रण करने को लेकर योजना बनाने की बात कही। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर सीओ और संबंधित को इस विषय पर प्लान बनाने की बात कही। मेला समिति के प्रतिनिधियों को आवश्यकतानुसार वॉलिंटियर्स की नियुक्ति करने की बात कही। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर पर्याप्त मात्रा में रखने पर बल दिया।
उपायुक्त ने मेदिनीनगर नगर आयुक्त को आयोजन स्थल पर समुचित साफ-सफाई रखने और मोबाइल टॉयलेट रखने पर बल दिया। रंग-रोगन और सुंदरीकरण पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने यातायात व्यवस्था और चिकित्सा व्यवस्था के लिये अलग से योजना बनाकर कार्य करने की बात कही। बैठक में मेला के प्रतिनिधियों ने डीसी से ज़मीन के रसीद ऑनलाइन कटवाने की समस्या को रेखांकित करते हुये मेले में राजस्व का स्टॉल लगाने के लिए अनुरोध किया। इसपर डीसी ने अपनी सहमति दी। उन्होंने कहा कि राजस्व के साथ ही विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, सिविल सर्जन,जिला खेल पदाधिकारी सह डीआरडीए निदेशक रतन सिंह, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एनडीसी, सदर सीओ सहित अन्य अधिकारी थे।
