
रांची। 30 नवंबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मुकाबले के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। क्रिकेट फैंस में मैच को लेकर खासा उत्साह है और टिकटों की कीमत तथा सुरक्षा नियमों को लेकर भी बड़ी अपडेट सामने आई है। मैच का टिकट 1200 रुपये से शुरू होकर 12,000 रुपये तक है। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे स्टेडियम में प्रवेश से पहले सभी दिशानिर्देशों की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि चेकिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
स्टेडियम में इन चीजों के साथ प्रवेश नहीं मिलेगा
जेएससीए के उपाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि दर्शक केवल उसी गेट से अंदर प्रवेश कर सकेंगे, जिसका नंबर उनके टिकट पर दर्ज रहेगा। अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए दर्शकों को पहले ही अपने गेट की पहचान कर उसी के पास लाइन में लगने की अपील की गई है।
स्टेडियम में प्रवेश के दौरान निम्न वस्तुओं को बिल्कुल भी ले जाना मना है:
- पानी की बोतल
- ब्रीफकेस या बड़े कैरी बैग
- कोई भी नुकीली वस्तु
- हथियार
- मेटल आइटम या भारी सामान
सचिव सौरभ ने बताया कि रांची के इस पिच पर एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है, जिसके लिए दर्शक भी खासे उत्साहित हैं।
मैच को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दर्शकों से अपील की गई है कि वे स्टेडियम के नियमों का पालन करें और समय से पहले अपनी सीट पर पहुंच जाएं।
