7वाँ झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का भव्य आयोजन 2 जुलाई को

रांची। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया , झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट द्वारा रांची विश्वविद्यालय के सहयोग तथा कुछ खास इवेंट्स के इवेंट मैनेजमेंट सहयोग से 7वाँ झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का भव्य आयोजन 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) को अपराह्न 4:00 बजे आर्यभट्ट सभागार, रांची विश्वविद्यालय परिसर, मोराबादी, रांची में किया जाएगा।

इस प्रतिष्ठित समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार होंगे, जो समाज, शिक्षा, साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, खेल, चिकित्सा, रंगमंच, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व एवं जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 17 विशिष्ट विभूतियों को झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 से सम्मानित करेंगे।

समारोह में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह,पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुदेश कुमार महतो, रांची विधायक श्री सी. पी. सिंह, राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, न्यायविद्, खेल एवं सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियाँ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं नागरिक इस गरिमामय समारोह के साक्षी बनेंगे।

सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियाँ

इस वर्ष लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. गोपाल पाठक को सम्मानित किया जाएगा।

सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राजेश कुमार को एक्टिंग इन सिनेमा अवार्ड, साहित्य एवं कहानी लेखन के लिए पंकज दुबे को राइटर एंड स्टोरी टेलर अवार्ड, सामाजिक नेतृत्व एवं जनसेवा के लिए रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो को सोशल लीडरशिप एंड कम्युनिटी सर्विस अवार्ड, तथा खेल पत्रकारिता एवं एंकरिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए रिद्धिमा पाठक को स्पोर्ट्स एंकरिंग एंड ब्रॉडकास्टिंग अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवा एवं शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. प्रेम कुमार, रंगमंच एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राकेश रमन, पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य के लिए संजय मिश्रा, शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट नेतृत्व के लिए प्रो. (डॉ.) अजय कुमार चट्टोराज, डिजिटल शिक्षा एवं ऑनलाइन कंटेंट निर्माण के लिए साक्षी जैन, सौर ऊर्जा एवं सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुनील सूर्यांत, क्रिकेट में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए शुभ लक्ष्मी शर्मा, वुशु खेल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए एल. प्लाटोदीप सिंह, तथा इवेंट मैनेजमेंट एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशांत सूरज को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वैशाली राज को पत्रकारिता के क्षेत्र में तथा राजू तिर्की को अभिनय के क्षेत्र में इमर्जिंग एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

समारोह में देश के सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं लेखक इम्तियाज अली को भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए फिल्ममेकिंग अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

झारखंड की प्रतिभाओं का सम्मान

झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों का सम्मान करना है जिन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित किया है, समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया है तथा झारखंड एवं भारत का गौरव राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। यह सम्मान समारोह युवाओं को प्रेरित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की गतिविधियों पर भी होगा विशेष प्रस्तुतीकरण

समारोह के दौरान यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर भी विशेष प्रकाश डाला जाएगा। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया देश का अग्रणी युवा संगठन है, जो पिछले कई दशकों से साहसिक खेलों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, रॉक क्लाइम्बिंग, साइकिल अभियान, राष्ट्रीय एकता शिविर, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं सामुदायिक सेवा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित कर रहा है।

झारखंड राज्य शाखा के युवा प्रत्येक वर्ष देशभर में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय ट्रेकिंग अभियानों, हिमालयन एक्सपीडिशन, एडवेंचर कैंप एवं नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।

बड़ी संख्या में अतिथियों की उपस्थिति

समारोह में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद्, न्यायविद्, उद्योगपति, चिकित्सक, साहित्यकार, कलाकार, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि, विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया , झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट ने सभी आमंत्रित अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन में सपरिवार सहभागिता कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top