हाइवा व टोटो में भीषण टक्कर, दो की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल 

राजमहल (बिभा संवाददाता)। राजमहल-उधवा फोरलेन मुख्य पथ स्थित जामनगर बंगाली पाड़ा के पास मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार हाइवा व टोटो में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार टोटो सवार सभी लोग राजमहल में डॉक्टर से परामर्श लेने (दिखाने) आ रहे थे। इसी दौरान जामनगर के पास सामने से आ रहे हाइवा ने टोटो को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में राधानगर थाना क्षेत्र के बालूटोला (चुवार) निवासी 46 वर्षीय ऐसुद्दीन शेख और 52 वर्षीय नुवाहार बीवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए है‌। जिनमें राजमहल थाना क्षेत्र के गुमास्ता टोला निवासी 26 वर्षीय यास्मीन खातून, अमानत निवासी 45 वर्षीय रहीम शेख, जामनगर निवासी 54 वर्षीय तफनारा बीवी और टोटो चालक भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और एसआई ओमप्रकाश चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top