रांची। रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने मंगलवार को नगड़ी स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने वेयरहाउस में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा प्रबंधों और नियमित निगरानी व्यवस्था की भी जानकारी ली।
उपायुक्त ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयरहाउस के संचालन और रखरखाव से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शी रखरखाव निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सुरक्षा, निगरानी और अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की समग्र व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नियमित निरीक्षण की प्रक्रिया जारी रखी जाए तथा आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

