रांची। झारखंड सरकार की ओर से छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए संचालित योजनाओं के तहत सोमवार को रांची में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस माैके पर प्रदेश के कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने टीवीएस सीएम एसओई जगन्नाथपुर, रांची क्लस्टर प्वाइंट से 10 विद्यालयों के कुल 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए छात्रों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे मोशन एजुकेशन से जोड़कर विशेष कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि छात्र अपने सपनों को साकार कर सकें।
मंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं को विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई में कठिनाई होती है, उनके लिए यह योजना बेहद उपयोगी साबित होगी और ड्रॉपआउट दर को कम करने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत राज्य के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। रांची जिले में वर्ष 2026-27 के लिए कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है। कार्यक्रम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण, रांची की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक एनुल हक तथा टीवीएस सीएम एसओई जगन्नाथपुर, रांची की प्राचार्य एवं प्रबंधन टीम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

