आदित्य साहू ने पलामू में तो बाबूलाल मरांडी ने चाईबासा में सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का रविवार को झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के विभिन्न जिलों और बूथों पर सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम सुना तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रेरणादायी बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पलामू जिले के पोलपोल मंडल स्थित बूथ संख्या-314 पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नालंदा की गौरवशाली ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि नालंदा केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान, शोध और वैश्विक बौद्धिक नेतृत्व की पहचान था। उन्होंने कहा कि नालंदा की विरासत देश को ज्ञान, नवाचार और अनुसंधान की संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा भारत को पुनः विश्व का ज्ञान केंद्र बनाने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर स्थानीय सांसद बी.डी. राम, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह, बूथ अध्यक्ष सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसी तरह से झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर पश्चिम मंडल अंतर्गत टेकराहातु गांव के बूथ संख्या-42 पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुवर गगराई, स्थानीय जिला अध्यक्ष तथा अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने देवघर नगर मंडल के बूथ संख्या-245 पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह मासिक कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को सकारात्मक सोच, राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में व्यक्त विचार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देशवासियों को प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top