उपायुक्त ने किया पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने रविवार को जिले के सदर अस्पताल परिसर में तीन दिवसीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जिलेवासियों से अपने 0 से ०5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे और स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूरा सहयोग दें।

उपायुक्त ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और यह सुनिश्चित करें कि “कोई बच्चा छूटे नहीं।” जिला प्रतिरक्षण कार्यक्रम के तहत 28 जून को जिले के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी जा रही है। वहीं, बूथों पर किसी कारणवश छूट जाने वाले 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को 29 एवं 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम की ओर से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलायी जाएगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,288 वैक्सीनेटर और 65 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा 644 आईपीपीआई बूथ, 15 ट्रांजिट दल, 55 मोबाइल दल और 27 साथी टीमों का गठन किया गया है। इस अभियान के दौरान जिले के 77,910 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top