राँची: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, रिम्स के डायरेक्टर डॉ. राजकुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस खबर के सामने आते ही पूरे रिम्स परिसर और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक इस इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम को बुधवार को रिम्स में हुई सीआईडी (CID) की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें कि बुधवार को सीआईडी की एक विशेष टीम रिम्स में हुए एडमिशन और टेंडर में कथित फर्जीवाड़े की जांच के लिए अस्पताल पहुंची थी।
जांच के दौरान सीआईडी की टीम ने रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार को करीब 7 घंटे तक बिठाकर इस मामले में गहन पूछताछ की थी। इस लंबी पूछताछ और दस्तावेजों को खंगालने के ठीक बाद ही डायरेक्टर के इस्तीफे की खबर तेजी से फैल गईं।

