अस्पताल में भर्ती विधायक पूर्णिमा साहू से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, स्वास्थ्य का लिया जायजा

जमशेदपुर। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू के अस्वस्थ होकर अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बुधवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती विधायक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात अचानक पूर्णिमा दास साहू की तबीयत बिगड़ गई थी। रक्तचाप में गिरावट आने और असहज महसूस होने के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच किए जाने के बाद उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया। बेहतर चिकित्सा सुविधा और लगातार स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें आईसीयू/सीसीयू में भर्ती किया गया है।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार विधायक की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति नियंत्रण में है और चिंता की कोई गंभीर बात नहीं है।

अस्पताल पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने चिकित्सकों से भी विधायक के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार पूर्णिमा दास साहू के जल्द स्वस्थ होकर जनता के बीच लौटने की कामना करता है। पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। बुधवार को अस्पताल में उनके शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उल्लेखनीय है कि पूर्णिमा दास साहू पिछले कुछ समय से लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों, विकास कार्यों की समीक्षा बैठकों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही थीं। ऐसे में उनके अचानक अस्वस्थ होने की खबर से समर्थकों में चिंता बढ़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top