![]()
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-छतरपुर मेन रोड पर गम्हरिया गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बोरवेल ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में संढा गांव निवासी चंद्रीका यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ऑटो में दो बच्चों समेत कुल आठ लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार लोग सड़क पर बिखर गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को मेदिनीनगर अस्पताल किया रेफर हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक घायल का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सभी घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। लोगों ने किया सड़क जाम दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रशासन व पाइपलाइन निर्माण कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने के बाद मिट्टी को समतल नहीं किया गया, जिससे सड़क संकरी और खतरनाक हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, घायलों के समुचित इलाज और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
