छह दिनों तक बारिश और तेज हवा का अलर्ट:11 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट, 50-60 km/h रहेगी हवा की रफ्तार, पलामू अब भी सबसे गर्म




झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आज राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। झारखंड के मौसम की तस्वीरें देखें… एक सप्ताह तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक से छह जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना है। इस बदलाव के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से दो जून से मौसम अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। तापमान में उतार-चढ़ाव, डालटनगंज सबसे गर्म रविवार को राज्य में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जमशेदपुर का 34.4 डिग्री, बोकारो का 35.5 डिग्री और देवघर का 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा। हालांकि बीते दिनों हुई बारिश के कारण तापमान में पहले गिरावट आई थी, लेकिन अब फिर से हल्की बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। बारिश से मिली राहत, सतर्क रहने की जरूरत पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सर्वाधिक 39.4 मिमी वर्षा हुई, जबकि रांची में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है। 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा पारा आज के संभावित तापमान की बात करें तो प्रदेश का पारा 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। देवघर, धनबाद, दुमका और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं गिरिडीह और साहिबगंज जैसे जिलों में भी तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने का अनुमान है। मैप से जानिए आज के अलर्ट को… पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी का असर अधिक दिखेगा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। रांची, बोकारो और रामगढ़ में तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जिससे दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top