![]()
कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां किस्त फेल एक पिकअप वाहन को जब्त करने पहुंचे निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी का ही वाहन मालिक और उसके साथियों ने अपहरण कर लिया। घटना बासोडीह के समीप देवघर-सतगांवां मुख्य मार्ग की है। जानकारी के अनुसार, चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत एजेंट रोशन सिंह शनिवार को एक चावल लदे पिकअप वाहन को रोककर उसकी किस्त की स्थिति की जांच कर रहा था। कंपनी से पुष्टि होने पर उसने वाहन को यार्ड में खड़ा करने की बात कही। इसी दौरान दो कारों में सवार 5-6 लोग वहां पहुंचे और पिस्टल की नोक पर रोशन को जबरन अपनी कार में बैठाकर वाहन समेत फरार हो गए। खेत में मिला बाइक, पुलिस को दी सूचना देर शाम तक रोशन के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके भाई राहुल को बासोडीह के पास सड़क किनारे खेत में रोशन की बाइक लावारिस हालत में मिली। बाइक मिलने के बाद अनहोनी की आशंका गहराई, जिसके बाद परिजनों ने सतगांवां थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बबलू सिंह सक्रिय हुए और जांच शुरू कर दी। बरकट्ठा में शराब पीते समय ग्रामीणों ने पकड़ा इधर अपहरणकर्ताओं ने रोशन को लेकर बरकट्ठा की ओर रुख किया। रोशन के अनुसार, रात होने पर आरोपी एक सुनसान स्थान पर गाड़ी रोककर शराब पीने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने पूछताछ शुरू की। मौका पाकर रोशन गाड़ी से कूद गया। ग्रामीणों को पूरी घटना बताई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ निवासी अंकित कुमार और आदित्य कुमार को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी भागने में सफल रहे। शराब तस्करी का भी खुलासा ग्रामीणों की सूचना पर बरकट्ठा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को वाहनों सहित थाने ले आई। बाद में सतगांवां थाना प्रभारी भी वहां पहुंचे और रोशन व गिरफ्तार आरोपियों को अपने साथ थाने ले आए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिकअप वाहन में चावल के बीच शराब छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी। कार सवार लोग इन वाहनों को बॉर्डर पार कराने के लिए साथ चल रहे थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
