जमशेदपुर में युवक का शव मिला, हत्या की आशंका:सिर पर धारदार हथियार से कई वार, खून से लथपथ मिला शव, जांच मे जुटी पुलिस




जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार के निशान पाए गए हैं। जिससे यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। भगिने से मिलने गया था उलीडीह परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। वहां से लौटने के बाद वह घर नहीं पहुंचा, जिससे परिजन चिंतित हो गए। देर रात तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने इलाके में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर हत्या का शक जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास किसी वारदात का शिकार हुआ हो। डॉग स्क्वायड व तकनीकी टीम जुटी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया। खोजी कुत्तों की मदद से आसपास के क्षेत्रों में सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है। डीएसपी दयानंद प्रसाद ने बताया कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक का भाई विक्की करीब 15 दिन पहले हत्या के एक मामले में जेल से छूटकर आया है, और इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top