बियर पिलाने के बाद किया था पारा शिक्षक का मर्डर:दोस्त ने रुपए के विवाद में की हत्या, ब्याज जोड़कर पैसे मांगने पर हुई थी धक्का-मुक्की




पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र में हुए पारा शिक्षक उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के मित्र और पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि रुपए के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच हाल ही में विवाद हुआ था। सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह से करीब छह महीने पहले 25 हजार रुपए उधार लिए थे। उदय सिंह ब्याज जोड़कर 50 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। झोले में फरसा भी रखा था एक सप्ताह पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई थी। इससे नाराज होकर सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह की हत्या की साजिश रची। गुरुवार को सुरेंद्र उदय को बीयर पीने के लिए अपने साथ ले गया था और अपने झोले में फरसा भी रखा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की रात दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसके बाद सुरेंद्र यादव, उदय सिंह को एक सुनसान स्थान पर ले गया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की मृतक की पत्नी के आवेदन पर छत्तरपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े और हत्या में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र यादव (40) छत्तरपुर नगर स्थित नाग बाबा के पास का रहने वाला है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top