![]()
जामताड़ा महिला थाना से शुक्रवार सुबह एक महिला लापता हो गई। उसे पूछताछ और संरक्षण के लिए थाने में रखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और महिला की तलाश में शहर, रेलवे स्टेशन व आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी उषा यादव नामक महिला कुछ दिन पहले भटकते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र पहुंची थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर करमाटांड़ थाना पुलिस ने उसे संरक्षण में लिया। महिला अपनी बात स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी, जिसके बाद बेहतर पूछताछ और देखरेख के लिए उसे दो दिन पहले जामताड़ा महिला थाना भेजा गया था। महिला थाना पुलिस ने उषा यादव से पूछताछ कर उसके परिजनों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस ने परिजनों को फोन पर सूचना भी दे दी थी और उनके आने का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार सुबह जब महिला पुलिसकर्मी थाने पहुंचीं, तो उषा यादव वहां नहीं मिलीं। इसकी जानकारी तुरंत महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी और वरीय अधिकारियों को दी गई। आसपास के स्टेशनों को अलर्ट किया गया है महिला के लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में जामताड़ा थाना क्षेत्र, रेलवे स्टेशन और आसपास के स्टेशनों को अलर्ट किया गया है। जामताड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और एएसआई राकेश कुमार महिला की तस्वीर लेकर शहर के विभिन्न इलाकों और रेलवे स्टेशन पर लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ आसनसोल की ओर रवाना हुई हैं। क्योंकि महिला ने पहले पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के बारे में पूछा था। सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे महिला थाना प्रभारी ने जामताड़ा थाना परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस संभावित स्थानों पर उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है। वहीं, मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी से संपर्क किया गया लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया। इस संबंध में जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है।
