झारखंड में आज कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट:तापमान में होगी गिरावट; 50 KM/H की स्पीड से चल सकती है हवा, वज्रपात की चेतावनी




झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बुधवार को बड़ी राहत मिली। इस राहत का असर गुरुवार को भी रहा। लोगों को अन्य दिनों की अपेक्षा कम गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भी कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 5 दिनों तक राज्य में मौसम का यही रुख बना रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। दो टर्फ लाइनों के असर से बदला मौसम मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण दो टर्फ लाइनों का सक्रिय होना है। एक टर्फ उत्तरी बिहार से तेलंगाना तक फैला हुआ है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश से तटीय ओडिशा तक सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाएं चल रही हैं। दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रही हवाओं ने तापमान को नियंत्रित किया है। वातावरण में नमी बढ़ाई है, जिससे बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है। अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे (3-4) डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इसके अगले दो दिनों में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार जिले को छोड़ शेष हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज में हुआ दर्ज
पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश 49.3 एमएम मंझारी (पश्चिमी सिंहभूम) में दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस खूंटी में दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top