झारखंड की आशाओं को पूरा करने वाला अबुआ बजट : केशव कमलेश

रांची । बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य की आशाओं को पूरा करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह अबुआ बजट है। इसमें समाज के सभी वर्गों को शामिल करके सरकार ने अपने दूरदर्शी सोच को दर्शाया गया है। इस अबुआ बजट को बनाने में झारखंड की जनता ने अपना विचार सरकार के समक्ष रखा था। इसलिए यह जनता का बजट है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 13 प्रतिशत अधिक का बजट निश्चित रूप से राज्य के विकास को गति देगा। बगैर कोई अतिरिक्त कर लगाए राज्य की आमदनी और खर्च का वित्तीय संतुलन बजट में साफ दिख रहा है।

वहीं पार्टी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं और छात्रों के भविष्य को आधार बनाया गया है। आने वाला समय झारखंड के सुनहरे भविष्य का है। वर्तमान में चल रही योजनाओं के आकार को बढ़ाने के साथ सरकार ने नई योजनाओं को प्रारंभ करने की घोषणा की है।

वहीं मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुजनी ने कहा कि झारखंड सरकार के बजट के आकार के बराबर की राशि केंद्र के पास बकाया है। उन्होंने कहा कि जब अबुआ बजट में सरकार अपने संसाधनों के आधार पर जनकल्याण की इतनी योजनाएं ला सकती है तो केंद्रांश सही समय पर मिलने से झारखंड अन्य राज्यों की तुलना में तीव्र गति से विकास दर हासिल करेगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि यह बजट जनता से संकल्पित वादों को पूरा करने का श्वेत पत्र है। आगामी एक वर्षों का सरकार का संकल्पित कैलेंडर पूर्ण कार्य योजना के साथ अबूआ बजट आया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने झारखंड सरकार के बजट को शिक्षा को बढ़ावा देने वाला, दूरदर्शी और जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट झारखंड में शिक्षा की आधारभूत संरचना में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *