डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में कुलपति का निरीक्षण, विज्ञान प्रयोगशालाओं को श्रेष्ठ बनाने पर जोर

डॉ. राजीव मनोहर, कुलपति, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय ने गुरुवार को अपने नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण में विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, उर्दू और समाजशास्त्र विभागों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत रसायन विज्ञान विभाग से हुई, जहां विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने कुलपति का स्वागत करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर आधारित पुस्तकें भेंट कीं। इस दौरान कुलपति ने विभाग की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, उपकरणों और उपलब्ध रसायनों की विस्तृत जानकारी ली तथा विद्यार्थियों की कक्षावार संख्या की भी समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने राजनीति विज्ञान विभाग का निरीक्षण किया, जहां विभागाध्यक्ष डॉ. किरण झा एवं अन्य शिक्षकों के साथ बैठक कर आधारभूत संरचना और शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की।

उर्दू विभाग के निरीक्षण के दौरान कुलपति ने विभागाध्यक्ष सह मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ. अयूब से विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। वहीं समाजशास्त्र विभाग में चल रही कक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति और आवश्यकताओं को समझा। इस दौरान समन्वयक डॉ. शमा सोनाली भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने सभी विभागीय शिक्षकों से उनके शोध कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सामाजिक, मानविकी और विज्ञान संकाय के सभी विभागों की आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। विशेष रूप से विज्ञान संकाय की सभी प्रयोगशालाओं को उच्च स्तर पर विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के लिए बेहतर एवं रुचिकर अकादमिक वातावरण तैयार हो सके।

इस अवसर पर सभी विभागों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top