रांची विश्वविद्यालय को नई कुलपति मिल गई हैं। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने प्रो. सरोज शर्मा को रांची विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। यह नियुक्ति झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत राज्यपाल को प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है।
प्रो. सरोज शर्मा वर्तमान में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, द्वारका (नई दिल्ली) के स्कूल ऑफ एजुकेशन में प्राध्यापक और संकायाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और शैक्षणिक योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस नियुक्ति के साथ ही अब प्रो. सरोज शर्मा रांची विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों का नेतृत्व करेंगी। विश्वविद्यालय समुदाय को उनसे बेहतर शैक्षणिक वातावरण और संस्थागत सुधारों की उम्मीद है।
