हजारीबाग: जिले में अवैध कोयले के काले कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने शुक्रवार को एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। सीआईएसएफ की टीम ने चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत 14-15 माइल के पास छापेमारी कर अवैध कोयले से लदे पांच ट्रकों को जब्त कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से अवैध धंधे से जुड़े सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ को चरही इलाके से अवैध कोयले की बड़ी खेप ट्रकों के जरिए पार कराए जाने की सटीक और गोपनीय सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बल की टीम ने बताए गए रूट पर घेराबंदी की और 14-15 माइल के बीच कोयला लदे पांचों ट्रकों को धर दबोचा। वैध दस्तावेज पेश न किए जाने पर सभी ट्रकों को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया।
इतनी बड़ी संख्या में ट्रकों के पकड़े जाने के बाद अब यह जांच का विषय बन गया है कि कोयला किस खदान या डंप से लोड किया गया था और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी। साथ ही परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और इस अवैध नेटवर्क के पीछे सक्रिय सफेदपोशों व धंधेबाजों की भूमिका की भी सघन जांच की जा रही है।
फिलहाल जब्त किए गए कोयले की कुल मात्रा, ट्रकों के मालिकों तथा चालकों की शिनाख्त को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। संबंधित अधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान आने के बाद ही मामले के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
