चुटुपालू और चरही घाटी के ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए ₹239.40 करोड़ स्वीकृत, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल रंग लाई

रांची। झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर को सुरक्षित बनाने और हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ की विशेष पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने चुटुपालू घाटी और चरही घाटी में स्थित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के सुधार एवं निवारण हेतु 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र भेजकर रक्षा राज्य मंत्री को इस स्वीकृति की आधिकारिक जानकारी दी है।

स्वीकृत परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया NH-20) के चुटुपालू एवं चरही घाटी खंड में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का तकनीकी सुधार और आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जाएंगे। इन दोनों खतरनाक घाटियों में दुर्घटना के प्रमुख कारणों को चिह्नित कर उनका स्थायी समाधान निकाला जाएगा, जिससे सड़क हादसों में भारी कमी आएगी और यात्रियों को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

परियोजना की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि चुटुपालू और चरही घाटी लंबे समय से हादसों की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र रहे हैं। यहां सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना प्राथमिकताओं में शामिल था, जिसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से पत्राचार कर विशेष आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश और झारखंड में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top