भारत की जनगणना-2027: द्वितीय चरण के लिए देवघर में अधिकारियों व तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण शुरू

देवघर। परिसदन के सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में ‘भारत की जनगणना-2027’ के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना कार्य को पूरी तरह त्रुटिहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और राष्ट्रव्यापी कार्य है। इसी के आंकड़ों के आधार पर भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के हर पहलू को गंभीरता से समझें, ताकि फील्ड स्तर पर डेटा संकलन के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक अड़चन न आए। साथ ही उन्होंने सभी स्तर के प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया।

केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने दी डिजिटल डेटा एंट्री की जानकारी द्वितीय चरण के कार्यों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने के लिए जिला, अनुमंडल, नगर और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों और तकनीकी सहायकों के लिए यह प्रशिक्षण 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण के पहले दिन केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने अधिकारियों को प्रगणन कार्य, डिजिटल माध्यमों से डेटा एंट्री और फील्ड वर्क के दौरान ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण तकनीकी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, केंद्रीय प्रशिक्षक दल, सभी प्रखंडों के बीडीओ, जनगणना पदाधिकारी, तकनीकी सहायक एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top