पलामू। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े छिनतई की एक घटना सामने आई। मुख्य बाजार स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर जा रही एक महिला का झोला छिनकर अज्ञात युवक फरार हो गया। घटना तीन कोनिया गैरेज के पास हुई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार ललिता देवी (32) अपने पति की कमर के ऑपरेशन और कुछ कर्ज भरने के लिए बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर जा रही थीं। उनके साथ आए ससुर बाजार में सब्जी खरीदने चले गए थे। इसी दौरान महिला अकेली थी तभी पैदल आए एक अज्ञात युवक ने उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला रोने लगी। इसी दौरान वहां पहुंचे एक पत्रकार ने महिला से घटना की जानकारी ली और तत्काल उन्हें शहर थाना पहुंचाया। पत्रकार ने थाना प्रभारी से बात कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने का आग्रह किया।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।
भुक्तभोगी ललिता देवी ने बताया कि झोला छीनने वाला युवक और उसके एक अन्य साथी सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। महिला ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक की पहचान करने का भी दावा किया है।
फिलहाल शहर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी एवं खोजबीन की जा रही है।

