सिविल सर्जन खूंटी ने किया सीएचसी मुरहू का औचक निरीक्षण, मरीजों का शत-प्रतिशत आभा कार्ड बनाने का निर्देश

खूंटी: खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरहू का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्था को डिजिटल व अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने सबसे पहले आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अस्पताल आने वाले मरीजों के ऑनलाइन पंजीकरण की स्थिति की जांच की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इलाज हेतु आने वाले सभी मरीजों का आवश्यक रूप से ‘आभा कार्ड’ (ABHA Card) बनाया जाए। इसके साथ ही, अस्पताल में ई-सुश्रुत (E-Sushrut) पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को पेपरलेस बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने ओपीडी कक्ष में ई-प्रिस्क्रिप्शन, फार्मेसी, आईपीडी और बीपीएचयू लैब की सेवाओं को पोर्टल पर तत्काल चालू करने का निर्देश दिया।

अपने दौरे के अंत में सिविल सर्जन ने कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) मुरहू का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और उनके चल रहे इलाज का जायजा लिया। इस दौरान एनएम को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मुरहू के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के अन्य कुपोषित बच्चों को चिन्हित करें और उन्हें उपचार के लिए केंद्र में भर्ती कराना सुनिश्चित करें।

इस मौके पर मुरहू के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विनोद कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top