देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्तों के सुलभ, सुरक्षित और सुगम जलार्पण को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मयूर पटेल और उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया।
सीसीटीवी और वीडियो वॉल से लाइव मॉनिटरिंग
अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर और रूट लाइनिंग की लाइव निगरानी की। इस दौरान कतार प्रबंधन (क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम) की विशेष समीक्षा की गई, ताकि भक्तों की कतार लगातार आगे बढ़ती रहे और किसी भी पॉइंट पर अनावश्यक दबाव या जाम की स्थिति न बने।
अधिकारियों और तकनीकी टीम को सख्त निर्देश
उपायुक्त ने आईएमसीआर (IMCR) और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात तकनीकी कर्मियों व दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशील स्थानों पर पैनी नजर बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी कतार धीमी होने या भीड़ बढ़ने की स्थिति में तुरंत ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को अलर्ट करें, जिससे समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रवि कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
