झारखंड में बेखौफ अपराधियों का तांडव: रांची से हजारीबाग तक ताबड़तोड़ वारदात, दो की हत्या और कई जगह फायरिंग

रांची। झारखंड में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हैं। राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों से लेकर हजारीबाग तक बीते 24 घंटों में हत्या और अंधाधुंध गोलीबारी की कई संगीन घटनाओं से पूरा इलाका दहल उठा है। ताबड़तोड़ वारदातों से आम जनता और व्यवसायियों में भारी दहशत का माहौल है।

मांडर में दूध सेंटर पहुंचे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, 3 गिरफ्तार रांची के मांडर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डेयरी सेंटर पर दूध देने पहुंचे रामू उरांव नामक व्यक्ति की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

पिठौरिया के करकटा में युवक की नृशंस हत्या राजधानी के पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करकटा गांव में बानेश्वर गौराई नामक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

कांके के प्रेमनगर में घर पर अंधाधुंध फायरिंग, राहुल दुबे गैंग का पर्चा बरामद कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में अपराधियों ने संजय करमाली के आवास को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं। वारदात स्थल से कुख्यात ‘राहुल दुबे गैंग’ के नाम का एक पर्चा भी बरामद होने की सूचना है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर खोखे बरामद करने के साथ मामले की तफ्तीश कर रही है।

हजारीबाग के होटल एके इंटरनेशनल पर गोलियों की तड़तड़ाहट हजारीबाग शहर स्थित प्रतिष्ठित एके इंटरनेशनल होटल में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। होटल परिसर में कई राउंड फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम होटल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top