रांची में सात नए सर्किल ऑफिस विकसित करेगा नगर निगम, घर के नजदीक मिलेंगी नागरिक सेवाएं

रांची। रांची नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को उनके घर के नजदीक नगर निगम की सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने नागरिक-केंद्रित पहल की है। इसके तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में डेडीकेटेड सर्किल ऑफिस विकसित किए जाएंगे, ताकि दूर-दराज क्षेत्रों के नागरिकों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय, कचहरी का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
इसी उद्देश्य से शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रस्तावित सर्किल ऑफिस के लिए उपलब्ध भवनों और स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड संख्या-21 बड़ा तालाब के निकट, वार्ड संख्या-32 पंडरा, वार्ड संख्या-06 बांधगाड़ी, वार्ड संख्या-42 धुर्वा निर्वाचन कार्यालय के समीप, वार्ड संख्या-41 शाखा मैदान धुर्वा तथा वार्ड संख्या-52 नायक टोली, हटिया स्थित निगम और सरकारी भवनों का निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा वार्ड संख्या-44 स्थित डोरंडा अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां पहले से निगम की विभिन्न सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चिन्हित भवनों को नागरिकों के लिए सुविधाजनक और उपयोगी सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवनों की मरम्मती, रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, बिजली, पानी, शौचालय, टेबल-कुर्सी और कंप्यूटर समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए भवनों के बाहर शेड और प्रतीक्षास्थल विकसित करने का निर्देश दिया।

विभिन्न स्थलों के लिए विशेष निर्देश

वार्ड संख्या-21 बड़ा तालाब स्थित निगम भवन में रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, पेड़ों की छंटाई, शौचालय और सीढ़ियों की मरम्मती कराने का निर्देश दिया गया। वार्ड संख्या-32 पंडरा स्थित निगम भवन में रंग-रोगन, आसपास की घास की कटाई और पेवर ब्लॉक समेत आवश्यक कार्य कराने को कहा गया। वार्ड संख्या-06 बांधगाड़ी में भवन की मरम्मती के साथ आसपास की भूमि का समतलीकरण कराने का निर्देश दिया गया। वार्ड संख्या-42 धुर्वा में निर्वाचन कार्यालय के समीप स्थित सरकारी भवन की व्यापक सफाई और रंग-रोगन कराने को कहा गया, ताकि अधिक आबादी वाले क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उपरोक्त के अलावा वार्ड संख्या-41 शाखा मैदान, धुर्वा में भवन के आसपास घास की कटाई और आवश्यक मरम्मती के निर्देश दिए गए। साथ ही उपलब्ध खाली भूमि पर कम्युनिटी टॉयलेट और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। वार्ड संख्या-52 नायक टोली, हटिया स्थित निगम भवन में नागरिक सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं वार्ड संख्या-44 के डोरंडा अंचल कार्यालय में आवश्यक मरम्मती और व्यवस्थाओं को बेहतर करने को कहा गया।

एक ही केंद्र पर मिलेंगी कई सेवाएं

प्रस्तावित सर्किल ऑफिस के माध्यम से नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इनमें जन्म-मृत्यु निबंधन, होल्डिंग एवं जलकर भुगतान और आवेदन, ट्रेड लाइसेंस से संबंधित आवेदन, भुगतान एवं अनुज्ञप्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन तथा सिविल वर्क्स से जुड़ी शिकायतों समेत निगम स्तर की अन्य नागरिक सेवाएं शामिल होंगी।

मौके पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि वर्तमान में रांची के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय, कचहरी आना पड़ता है। इससे उनका समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बढ़ता है तथा निगम मुख्यालय में भी अनावश्यक भीड़ रहती है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में सर्किल ऑफिस विकसित होने से नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी। इससे नगर निगम की सेवाएं अधिक सुलभ, विकेंद्रीकृत और नागरिक-केंद्रित बनेंगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में निगम की विभिन्न शाखाओं से संबंधित पदाधिकारी और कर्मी सेवाओं से जुड़े रहेंगे। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यों के लिए बार-बार निगम मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी।

निगम बोर्ड की सहमति और अनुशंसा के बाद स्थल निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर सर्किल ऑफिस को चरणबद्ध तरीके से सक्रिय किया जाएगा। इनके शुरू होने के बाद नागरिकों को संबंधित क्षेत्र में उपलब्ध सेवाओं और केंद्रों की जानकारी व्यापक स्तर पर दी जाएगी।

नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय तक आने के बजाय निगम की सेवाएं उनके और करीब पहुंचाने का है। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक और निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top