निशानदेही पर हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद-बिहार-झारखंड में 63 आपराधिक मामले दर्ज, 15 साल तक माओवादी संगठन में रहा, एक महीने पहले छोड़ा था संगठन
पलामू, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर और 10 लाख रुपये के इनामी संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम को दो दिनों की पुलिस रिमांड के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड के दौरान उससे कई स्तरों पर पूछताछ की गई। इस दौरान उसकी निशानदेही पर जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो दुधिया जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोली-बारूद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस ने छह नवंबर को ठाणे के एक खटाल में छिपकर रह रहे संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम को हिरासत में लिया था। इसकी सूचना पलामू पुलिस को दी गई। इसके बाद छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना के सौरभ कुमार सात नवंबर को महाराष्ट्र पहुंचे और चार दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर उसे पलामू लाए। नौ नवंबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। 10 नवंबर को पिपरा थाना पुलिस ने उसे दो दिनों की रिमांड पर लिया। बुधवार को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने बताया कि छतरपुर के देवगन निवासी संजय यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गयाजी में 10 मामले शामिल हैं।
झारखंड सरकार ने उसके खिलाफ 10 लाख रुपये, जबकि बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसपी के अनुसार, 45 वर्षीय संजय यादव पिछले 15 वर्षों से भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा था। जमीन विवाद के कारण वह माओवादी बना था। हालांकि, संगठन में 15 साल बिताने के बाद भी उसे जमीन विवाद में न्याय नहीं मिला। अब उसे माओवादी संगठन में शामिल होने का पछतावा है।
एसपी ने बताया कि उसकी निशानदेही पर 7.62 एमएम की एक एसएलआर राइफल, 7.62 एमएम के 140 जिंदा कारतूस, थ्री नॉट थ्री के 150 जिंदा कारतूस, एसएलआर की तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट और एक मैगजीन पाउच सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, संजय यादव जोनल कमांडर नितेश यादव के दस्ते में शामिल था। करीब एक महीने पहले उसने संगठन छोड़ दिया और काम की तलाश में मुंबई चला गया। वहां उसने अपने एक परिचित से संपर्क कर काम दिलाने का आग्रह किया। परिचित ने उसे एक कपड़ा फैक्ट्री में काम दिलाया, लेकिन तकनीकी जानकारी नहीं होने के कारण कंपनी ने उसे हटा दिया। इसके बाद वह पिछले 15 दिनों से ठाणे के एक खटाल में रह रहा था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा मजदूरी करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब बताई गई है।
कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में नाम
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में पिपरा थाना क्षेत्र के चपरवार गांव स्थित क्रेशर प्लांट में कर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट की गई थी और प्लांट के 11 वाहनों में आग लगा दी गई थी। वर्ष 2016 में छतरपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ में विस्फोट के बाद पुलिस बल पर फायरिंग की गई थी, जिसमें सात पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। वर्ष 2014 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के छोटकी कौड़िया गांव में टीपीसी के 15 कमांडर और सदस्यों की हत्या की घटना में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
वर्ष 2019 में हरिहरगंज थाना क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा कार्यालय को विस्फोटक से उड़ा दिया गया था। इसी वर्ष पिपरा बाजार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष मोहन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2023 में छतरपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ इलाके में ईंट-भट्ठा मालिकों से लेवी मांगने और रकम नहीं देने पर मारपीट करने का आरोप भी उस पर है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016 में पांडू थाना क्षेत्र के पोखरी गांव में दस्ते के सदस्यों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या और पोखराही गांव में लेवी की मांग को लेकर एक व्यक्ति से मारपीट की गई थी। वर्ष 2017 में छतरपुर थाना क्षेत्र के धुरछिरिया जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस बल के साथ हुई मुठभेड़ में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
वर्ष 2023 में छतरपुर थाना क्षेत्र के पोरदाहा-हरदिया घाटी में निर्माणाधीन सड़क के काम में लगे मुंशी और मजदूरों के साथ मारपीट की गई थी। वर्ष 2024 में पांडू थाना क्षेत्र के गुवासराई से ठेकही जाने वाले रास्ते पर नक्सली पोस्टर चिपकाकर दहशत फैलाने और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सड़ेया गांव में वाहन जलाने की घटना में उसका नाम आया था। इसी वर्ष हुसैनाबाद के कालापहाड़ क्षेत्र में वाहन जलाने की घटना में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
वर्ष 2025 में हरिहरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में हाईवा और पोकलेन मशीन में आग लगाने की घटना में भी वह आरोपित था। इसी वर्ष पांडू थाना क्षेत्र में पुलिस और उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चर्चित नक्सली तुलसी भुइयां मारा गया था। पुलिस के अनुसार, उस दस्ते में संजय यादव उर्फ संजय गोदराम भी शामिल था, लेकिन पुलिस बल को भारी पड़ता देख वह अपने दस्ते के साथ फरार हो गया था।
इसके अलावा, मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कादल गांव के परहिया टोला में मोबाइल टावर और ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के दुआरपार गांव में हाईवा तथा जेसीबी मशीन में आग लगाने की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

